सारंगढ़ में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत; 15 घायल

5 घायलों को रायगढ़ किया गया रेफर, पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया है। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सीपीएम कॉलेज के पास हुआ।
मां चंद्रहासिनी के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले के बागबहरा क्षेत्र से करीब 25 लोग पिकअप में सवार होकर चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी माता के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ में सीपीएम कॉलेज के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पिकअप में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत
दुर्घटना में उमेश दीवान (14) और भुवनेश्वरी दीवान (40) की मौत हो गई। वहीं चेतन ठाकुर (15), हेमलाल दीवान (32), अंजलि दीवान (18), केशव राम पटेल (50), होलेश्वर ठाकुर (35), कामिनी दीवान (28), योगेश दीवान (32), कुसुम ठाकुर (17), वीर पटेल (13), रूपलाल पटेल (35), रूपलाल पटेल की बेटी, ओम बाई ठाकुर (34), केशव पटेल (50), फलीस ठाकुर (34) और टेक सिंह ध्रुव (25) घायल हुए हैं।
ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी
हादसे के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











