छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस, जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा के नाम की सिफारिश

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा के 4 सितंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा नए चीफ जस्टिस होंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ट्रांसफर करने और उन्हें मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की गई है।
हाईकोर्ट में कई महत्वपूर्ण बदलाव
कॉलेजियम ने अलग-अलग हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति और तबादले की भी सिफारिश की है। गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोग्जे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की गई है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में तीन नए जजों की नियुक्ति की भी सिफारिश की गई है। इनमें न्यायिक अधिकारी संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार के नाम शामिल हैं। इन नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का न्यायिक अनुभव
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उनके पिता सरत चंद्र मोहपात्रा भी जज रह चुके हैं। उन्होंने बीए और एलएलबी की पढ़ाई की है। 7 फरवरी 1988 को उन्होंने ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था।
वकालत के दौरान उन्होंने सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक मामलों समेत कानून के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 26 वर्षों तक काम किया। उन्हें अभिभावक एवं आश्रित अधिनियम, हिंदू अल्पसंख्यक एवं संरक्षकता कानून, हिंदू दत्तक ग्रहण एवं भरण-पोषण अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम से जुड़े मामलों का भी अनुभव रहा है।
सरकार और सार्वजनिक संस्थानों के मामलों में भी पैरवी
जस्टिस मोहपात्रा ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों से जुड़े मामलों में भी पैरवी की है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जजों की संख्या घटेगी
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय एस. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल अगस्त में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अब चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा भी 4 सितंबर को रिटायर होंगे। इसके बाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या 11 रह जाएगी। हालांकि तीन नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश के बाद संख्या बढ़ने की संभावना है।











