पटना आएंगे फेमस बॉलीवुड सिंगर बी प्राक:कृष्णोत्सव में होंगे शामिल, भजन क्लबिंग करेंगे; CM सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन

फेमस बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर बी प्राक पटना आ रहे हैं। मिलर ग्राउंड में आयोजित होने वाले कृष्णोत्सव में वह शामिल होंगे। वे बिहार में पहली बार भजन क्लबिंग की प्रस्तुति देंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक संगीत के माध्यम से भक्ति और सनातन संस्कृति से जोड़ना है। राजधानी पटना में पहली बार तीन दिवसीय कृष्णोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
2 से 4 सितंबर तक मिलर ग्राउंड में होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 2 सितंबर को समारोह का उद्घाटन करेंगे।
शंखनाद से कृष्ण लीला तक होंगे कार्यक्रम
इस आयोजन में राज्य के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री, सांसद, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। कृष्णोत्सव में देश के कई चर्चित कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव की शुरुआत राष्ट्रीय गान, राष्ट्रीय गीत और बिहार गान के साथ होगी। इसके बाद शंखनाद, मंगलाचरण, बांसुरी वादन, कृष्ण लीला, भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
जन्मोत्सव पर सोहर और भक्ति डीजे
विश्वविख्यात शंख एवं डमरू वादक डॉ. पंडित बिपिन कुमार मिश्रा मंगल ध्वनि प्रस्तुत करेंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बांसुरी वादक एवं गायक उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन और चाहत हुसैन बांसुरी वादन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मध्यरात्रि में किन्नर समुदाय द्वारा पारंपरिक बधाई और सोहर गायन किया जाएगा। इसके बाद लाइव भांगड़ा और भक्ति डीजे की प्रस्तुति होगी। जन्मोत्सव के माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बनाने के लिए कई विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं।
दही-हांडी में विजेता टीम को 2.51 लाख
कृष्णोत्सव में दही-हांडी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षणों में शामिल होगी। इसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी और प्रत्येक टीम में 21 सदस्य होंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2.51 लाख रुपये, दूसरे स्थान की टीम को 1.51 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 1.01 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दही खाओ प्रतियोगिता, मंदिर सजावट और डिजिटल फोटो प्रतियोगिता भी होगी।











