IIT से की सिविल इंजीनियरिंग, 8 महीने में छोड़ी जॉब, अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में धमाल मचाने को तैयार राजस्थान का ये लड़का

फिल्मी दुनिया में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने पढ़ाई तो की थी इंजीनियरिंग की, लेकिन उनका पैशन था एक्टिंग. ऐसे में उन कलाकारों ने अपने पैशन को ही फॉलो किया और लोगों के दिलों में बस गए. ऐसे ही स्टार्स में एक नाम है एक्टर जितेंद्र कुमार का, जिन्हें हम सब TVF की वेब सीरीज ‘पंचयात’ के सचिव जी या फिर ‘कोटा फैक्ट्री’ के जीतू भैया के किरदार के लिए जानते हैं. और अब वो ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के जरिए छाने को तैयार हैं.

आज यानी 1 सितंबर को जितेंद्र कुमार का बर्थडे है. वो अपना 36वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं. 1 सितंबर 1990 को राजस्थान के अलवर में उनका जन्म हुआ था. चलिए आज उनके बर्थडे पर जानते हैं कि कैसे राजस्थान से निकलकर वो देशभर के लोगों के दिलों पर छा गए.

बचपन में करते थे अमिताभ-शाहरुख की मिमिक्री

जितेंद्र कुमार के बारे में बताया जाता है कि उन्हें बचपन से मिमिक्री का शौक था. वो अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और नाना पाटेकर जैसे सितारों की मिमिक्री किया करते थे. उनके पिता सिविल इंजीनियर हैं. पिता की राह पर चलते हुए जितेंद्र ने भी IIT खड़गपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था. उसके बाद उन्होंने एक कंपनी में 8 महीने तक नौकरी भी की, लेकिन फिर उन्होंने एहसास हो गया कि वो इस चीज के लिए नहीं बने हैं, ये उनका पैशन नहीं है और फिर उन्होंने नौकरी छोड़ दी.

बाद में जितेंद्र कुमार की मुलाकात TVF के बिस्वपति सरकार से हुई, जो कॉलेज में उनके सीनियर भी थे. साल 2012 में यूट्यूब पर जितेंद्र का मु्न्ना जज्बाती के नाम से पहला वीडियो आता है, जो वायरल हो जाता है और वो हर तरफ फेमस हो जाते हैं. हालांकि, यूट्यूब से पहले ही जितेंद्र ने बॉलीवुड में कदम रख दिया था. साल 2008 में आई फिल्म ‘अ वेडनेसडे’ में उन्होंने एक टैक्सी ड्राइवर की भूमिका निभाई थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान TVF वीडियोज से ही मिली. प्राइम वीडियो की सीरीज ‘कोटा फैक्ट्री’ और ‘पंचयात’ ने उनकी पॉपुलैरिटी में चार चांद लगा दिए.

फरहान अख्तर की फिल्म में जितेंद्र कुमार

आज के समय में जितेंद्र OTT की दुनिया का एक बड़ा नाम हैं. अब वो फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आने वाले हैं. ये प्राइम वीडियो की ही सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर बनी फिल्म है. इस फिल्म में जितेंद्र बबलू पंडित का रोल करने वाले हैं.

सीरीज में बबलू का रोल एक्टर विक्रांत मैसी ने प्ले किया था. हालांकि, फिल्म में उनकी जगह जितेंद्र ने ले ली. 4 सितंबर को ये फिल्म बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है. बबलू पंडित का किरदार ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के लिए काफी अहम है. कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) से बबलू पंडित की भी टक्कर होगी. गद्दी के लिए जंग देखने मिलेगी. अब देखना होगा कि ‘मिर्जापुर’ के दंगल में ‘पंचायत’ के सीधे साधे सचिव जी कैसी छाप छोड़ते हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close