उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का रायपुर दौरा : AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल; सुरक्षा को लेकर पुलिस ने किया मॉकड्रिल

रायपुर, 01 सितम्बर 2026। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बुधवार को रायपुर दौरे पर पहुंचेंगे। वे AIIMS Raipur के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सुबह 10:45 बजे AIIMS Raipur पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे से आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
एयरपोर्ट से AIIMS तक सुरक्षा का रिहर्सल
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एयरपोर्ट से AIIMS तक के रूट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का मॉकड्रिल किया जा रहा है। अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
रूट पर वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास कर रही हैं।
मुख्य सचिव ने की थी तैयारियों की समीक्षा
दौरे से पहले सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और प्रोटोकॉल समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की जा चुकी है। मुख्य सचिव विकास शील ने मंत्रालय में बैठक लेकर अधिकारियों से उपराष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की जानकारी ली थी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। अब उपराष्ट्रपति के आगमन से पहले पुलिस और प्रशासन अंतिम तैयारियों में जुटा है।











