बिलासपुर हिंसा मामले में फरार आरोपी सोहेल खान ने किया सरेंडर, खुद को बताया निर्दोष

बिलासपुर में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई हिंसा और पथराव के मामले में फरार चल रहे आरोपी सोहेल खान ने मंगलवार शाम सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सोहेल ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाया कि उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हिंसा के दौरान पथराव में पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

सोहेल ने आरोपों से किया इनकार

सरेंडर से पहले सोहेल खान ने कहा कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था। उसके मुताबिक, मोहल्ले के कुछ युवकों के विरोध करने की जानकारी मिलने के बाद वह घर से निकलने वाला था, लेकिन परिजनों ने उसे रोक लिया। सोहेल का आरोप है कि उसे जानबूझकर मामले में फंसाया जा रहा है।

उसने यह भी दावा किया कि इससे पहले उसे आत्महत्या से जुड़े एक मामले में भी फंसाया जा चुका है। सरेंडर के बाद एसीसीयू की टीम ने उससे देर रात तक पूछताछ की। पुलिस उससे हिंसा में शामिल अन्य फरार आरोपियों और उनके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिसकर्मियों पर भी हुआ था पथराव

खपरगंज इलाके में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद स्थिति बिगड़ गई थी। आरोप है कि सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसमें तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

दोनों पक्षों के आरोपियों पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, मामले में अब तक दोनों पक्षों के 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि एक पक्ष के लोगों पर ही ज्यादा कार्रवाई की जा रही है। उनका दावा है कि दूसरे पक्ष के कुछ युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

मंगलवार को भी पुलिस ने कई लोगों को सिटी कोतवाली बुलाकर घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने विवाद के दौरान मौजूद लोगों और पथराव से जुड़ी जानकारी जुटाई।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में एक पक्ष का मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह अभी फरार बताया जा रहा है।

सोहेल खान के सरेंडर के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ के जरिए हिंसा में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी भी की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close