छत्तीसगढ़ में बदलेगा स्कूलों का शैक्षणिक कैलेंडर, 2027-28 से 1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र हर वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होकर अगले वर्ष 31 मार्च तक संचालित किया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
अब तक प्रदेश में स्कूलों का शैक्षणिक सत्र 16 जून से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रणाली समाप्त हो जाएगी और सभी स्कूल 1 अप्रैल से 31 मार्च तक नियमित शैक्षणिक सत्र का पालन करेंगे। हालांकि, 1 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश पहले की तरह ही जारी रहेगा।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल को शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन से विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलें, स्कूली गणवेश तथा अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि सत्र की शुरुआत से ही पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।
स्कूल शिक्षा विभाग का मानना है कि नए शैक्षणिक कैलेंडर से विद्यार्थियों को समय पर किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इससे शिक्षण कार्य अधिक व्यवस्थित होगा, शैक्षणिक गतिविधियों में देरी नहीं होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि यह बदलाव राज्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।











