जयपुर में बच्चों को सरप्राइज देने थिएटर पहुंचे एक्टर हिमांश-कोहली:फिल्म देखकर रोने लगे बच्चे, पैरेंट्स के लिए ऑटोग्राफ लिया, फोटोज क्लिक करवाई

बॉलीवुड एक्टर हिमांश कोहली इन दिनों अपनी फिल्म आर्य भट्ट का जीरो को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर पहुंचे हिमांश ने शहर में एक ऐसा सरप्राइज दिया, जिसने स्कूली बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ा दी।

हिमांश अचानक उस थिएटर में पहुंच गए, जहां स्कूली बच्चों के लिए उनकी फिल्म की स्क्रीनिंग रखी गई थी। खास बात यह रही कि उन्होंने बच्चों को अपने आने की भनक तक नहीं लगने दी और उनके बीच बैठकर पूरी फिल्म का रेस्पॉन्स देखने लगे।

फिल्म के दौरान हिमांश बच्चों के रिएक्शन को बेहद करीब से देख रहे थे। कॉमेडी दृश्यों पर बच्चे खिलखिलाकर हंस रहे थे तो भावुक दृश्यों में कई बच्चों की आंखें नम हो गईं। हिमांश भी बच्चों के इस स्वाभाविक रेस्पॉन्स को देखकर काफी खुश नजर आए। उन्हें यह जानने में खास दिलचस्पी दिखाई कि फिल्म की कहानी और उनका किरदार बच्चों को किस तरह प्रभावित कर रहा है।

इंटरवल में सामने आए हिमांश

इंटरवल के दौरान जब हिमांश कोहली बच्चों के सामने आए तो कुछ ही पलों में पूरा माहौल उत्साह से भर गया। बच्चों ने अपने पसंदीदा अभिनेता को अपने बीच देखकर खुशी जाहिर की। हिमांश ने भी बिना किसी औपचारिकता के बच्चों से मुलाकात की, उनसे फिल्म के बारे में बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

बच्चों में हिमांश के साथ सेल्फी लेने की होड़ दिखाई दी। कई बच्चों ने अपनी नोटबुक पर हिमांश से ऑटोग्राफ लिए, वहीं कुछ बच्चों ने अपने माता-पिता के लिए भी अभिनेता से ऑटोग्राफ करवाए। हिमांश ने भी बेहद सादगी से बच्चों से मुलाकात की और उनकी बातों को सुना।

हिमांश ने इस मौके पर कहा कि आर्य भट्ट का जीरो उनके लिए बेहद खास फिल्म है और इसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। उनके मुताबिक फिल्म के जरिए दर्शकों तक एक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने की कोशिश की गई है। जयपुर में बच्चों के बीच फिल्म देखने और उनका रेस्पॉन्स जानने का अनुभव उनके लिए खास रहा।

सोशल मीडिया पर भी शेयर किया जयपुर का अनुभव

जयपुर से विदा होने से पहले हिमांश ने सोशल मीडिया पर अपनी जयपुर विजिट की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। उन्होंने बच्चों के साथ फिल्म देखने के अनुभव को खास बताते हुए लिखा— जयपुर, क्या शानदार सरप्राइज था! थिएटर पूरी तरह भरा हुआ था। आप सभी के साथ हंसा और कुछ पलों में मेरी आंखों से आंसू भी निकल आए। बग्गू और उसके पूरे परिवार को इतना प्यार देने के लिए आप सभी का दिल से शुक्रिया। आपका प्यार मेरे लिए शब्दों से कहीं ज्यादा मायने रखता है। यह वाकई बहुत खास था और इस पल को हम हमेशा संजोकर रखेंगे। #AryabhattKaZero”

उनकी इस पोस्ट से साफ था कि बच्चों के साथ फिल्म देखने का अनुभव उनके लिए सिर्फ प्रमोशनल विजिट नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी खास रहा।

‘आर्य भट्ट का जीरो’ में अलग अंदाज में नजर आए हिमांश

आर्य भट्ट का जीरो 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म का निर्देशन कमल चंद्र ने किया है और कहानी तारिक मोहम्मद ने लिखी है। फिल्म में हिमांश कोहली के साथ सोनाली सहगल, रवि किशन, दर्शन बनिक, शिल्पा शिंदे, नीरज सूद, अलका अमीन और राजेश शर्मा सहित कई कलाकार नजर आ रहे हैं।

फिल्म की कहानी बग्गू नाम के एक ऐसे युवा के इर्द-गिर्द है, जो बेरोजगारी और आत्म-संदेह से जूझ रहा है। निजी जिंदगी में झटके मिलने के बाद वह अपनी पढ़ाई और मेहनत के जरिए खुद को साबित करने की कोशिश करता है। फिल्म का केंद्रीय भाव खुद पर विश्वास करने, संघर्ष से आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने से जुड़ा है।

फिल्म को लेकर हिमांश पहले ही कह चुके हैं कि इसमें उनका अंदाज उनके पुराने ‘चॉकलेट बॉय’ इमेज से काफी अलग है। उन्होंने फिल्म की लेखन प्रक्रिया में भी भागीदारी की और इसे अपने करियर में एक अलग तरह का किरदार बताया है।

‘यारियां’ से शुरू हुआ सफर, अब अलग पहचान बनाने की कोशिश

हिमांश कोहली ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। वह ‘हमसे है लाइफ’ में राघव ओबेरॉय के किरदार में नजर आए थे। इसके बाद वर्ष 2014 में फिल्म ‘यारियां’ से उन्होंने बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया और लक्ष्या के किरदार से पहचान बनाई। इसके बाद हिमांश ‘जीना इसी का नाम है’, ‘स्वीटी वेड्स एनआरआई’, ‘रांची डायरीज’ और ‘दिल जो ना कह सका’ जैसी फिल्मों में नजर आए।

यारियां के बाद उन्हें एक खास तरह की युवा और रोमांटिक छवि से जोड़ा गया, लेकिन आर्य भट्ट का जीरो के जरिए वह इस इमेज से आगे निकलकर अधिक गंभीर और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com