पटना के डॉक्टर से 2.03 करोड़ का एक्सटॉर्शन:रेप केस में फंसाने की धमकी, पहले मां के इलाज के लिए मांगी मदद;मुजफ्फरपुर के दंपती पर FIR

पटना के राजीव नगर के रहने वाले एक डॉक्टर से मुजफ्फरपुर के दंपती ने 2.03 करोड़ रुपए की ठगी की है। दंपती ने डॉक्टर को रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर कई किस्तों में ठगी की।

अब पीड़ित डॉक्टर की पत्नी ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा निवासी कोचिंग संचालिका और उसके पति के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

डॉक्टर की पत्नी कविता ने पुलिस को बताया कि 2024 में कोचिंग संचालिका और उसके पति ने मेरे पति से दोस्ती की। इसके बाद व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। महिला ने सबसे पहले अपनी मां के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपए की मदद मांगी। फिर बहाना बनाकर कई बार पैसे मांगे और डॉक्टर पैसे देते रहे। इसी दौरान नया कोचिंग संस्थान खोलने के लिए डॉक्टर से 10 लाख की डिमांड की है।

7 जुलाई को पति ने पत्नी को बताई पूरी घटना

डॉक्टर की पत्नी कविता ने पुलिस को बताया, ‘मेरे पति 7 जुलाई की रात में अचानक जगे और जोर जोर से रोने लगे। रोने की वजह पूछी तो उन्होंने अपने साथ हो रही ब्लैकमेलिंग की पूरी घटना बताई।

डॉक्टर ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा की रहने वाली महिला चांदनी ब्लैकमेल कर रही है। अब तक करोड़ों रुपए ले चुकी है। अब भी 10 लाख रुपए की डिमांड की है। अगर रुपए नहीं दिए तो हत्या कर देने की धमकी दी है।’

अब जानिए FIR में क्या लगाया है आरोप

कविता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है, ‘2024 में कोचिंग संचालिका और उसके पति से डॉक्टर की दोस्ती हुई। इसके बाद व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। कोचिंग संचालिका ने मेरे पति के व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क कर पहली बार अपनी मां की बीमारी के इलाज के लिए 20 हजार रुपए की मदद मांगी, जो मेरे पति ने दी।

चांदनी किसी न किसी बहाने से लगातार पैसों की मांग करती रही और मेरे पति मदद के रूप में देते रहे। लगभग 4-5 लाख देने के बाद मेरे पति ने पैसे देने से मना कर दिया।

चांदनी बोली कि मिठनपुरा में वो एक कोचिंग खोल रही है, जिसके लिए 10 लाख की मांगी और कहा कि हम अपने पति की आमदनी से सभी कर्ज धीरे-धीरे उतार देंगे। मेरे पति ने भरोसा कर अगले 5-6 माह में 10 लाख रुपए मदद के तौर पर दिए।’

रेप केस में फंसाने की देने लगी धमकी

कविता के मुताबिक, जब डॉक्टर ने पैसे देने से मना किया तो नवंबर 2025 में एक दिन चांदनी और उसका पति निखिल मेरे पति को मुजफ्फरपुर मुशहरी स्थित कार्यालय के पास बुलाया। एक ‘सेल्फी फोटो’ का हवाला देते हुए चांदनी ने पति को धमकाया कि पहले जैसे पैसा नहीं देते रहे तो रेप केस में फंसा देंगे। इससे आपकी नौकरी और प्रतिष्ठा दोनों चली जाएगी।’

1.32 करोड़ रुपए देने का लीगल डिक्लेरेशन बनवाया

कविता के आवेदन के मुताबिक, ‘चांदनी ने व्हाट्सएप मैसेज के जरिए मेरे पति को लिखा कि 5000 रुपए के स्टांप पेपर पर एक लीगल डिक्लेरेशन दे दीजिए। अभी तक आपने मुझे जितने भी पैसे दिए हैं, मुझसे वापस नहीं लेंगे। ऐसा करने के बाद आपसे भविष्य में कोई और पैसा नहीं मांगेंगे।

मेरे पति ने 18 दिसंबर 2025 को मुजफ्फरपुर कोर्ट जाकर 1000 रुपए का गैर-न्यायिक स्टांप पेपर खरीदकर चांदनी झा के बताए अनुसार सभी बातों का उल्लेख करते हुए एक लीगल डिक्लेरेशन तैयार कराया और उसे सौंप दिया। उसकी एक कलर कॉपी अपने पास सुरक्षित रख ली।

उस समय तक दिए गए रुपए 1,32,64,960 (एक करोड़ बत्तीस लाख चौंसठ हजार नौ सौ साठ रुपये) का उसमें जिक्र है, लेकिन इतने पर भी चांदनी झा और उसके पति निखिल संतुष्ट नहीं हुए और धमकी दोहराते हुए फिर पैसे की मांग करने लगे।’

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com