छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, पुल-रपटे क्षतिग्रस्त

छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और नदी-नाले उफान पर हैं।

सूरजपुर जिले में गोबरी नदी पर बना रपटा तेज बहाव में बह गया, जिससे डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से संपर्क टूट गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह रपटा करीब एक महीने पहले ही बनाया गया था।

मुंगेली जिले में लगातार दो दिनों की बारिश के कारण मनियारी और आगर नदियां उफान पर हैं। मनियारी नदी पर स्थित कारीडोंगरी पुल पानी में डूब गया है, जिससे लोरमी विकासखंड के करीब 20 गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है और लोगों से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।

इससे पहले जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा तेज बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया। वहीं, बिलासपुर में लगातार बारिश के कारण नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर सड़क के ऊपर चार से पांच फीट तक पानी बहने से यातायात प्रभावित रहा और निचले इलाकों में पानी भर गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है।

प्रदेश में 1 जून से अब तक 307.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य वर्षा का लगभग 81.8 प्रतिशत है। इस सीजन में बिलासपुर संभाग में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर सबसे अधिक वर्षा वाले जिलों में शामिल हैं। रायपुर संभाग के महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद और रायपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

सरगुजा संभाग में बलरामपुर और बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा सबसे अधिक वर्षा वाले जिले रहे हैं। वहीं दुर्ग संभाग के राजनांदगांव में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक होगी, हालांकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए आने वाले दिनों की बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close