बलरामपुर: लगातार बारिश से धान की फसल बर्बाद, विधायक शकुंतला पोर्ते ने उठाई आवाज

बलरामपुर: जिले में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर गहरा असर डाला है. चक्रवाती तूफान ‘मोथा’ के कारण हो रही तेज बारिश से खेतों में खड़ी फसल पककर तैयार धान की फसलें पानी में डूबकर सड़ने लगी हैं. इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. प्रतापपुर क्षेत्र के प्रभावित किसानों ने अपनी समस्या को लेकर क्षेत्र की विधायक शकुंतला पोर्ते से मुलाकात की.
किसानों की परेशानी सुनने के बाद विधायक ने तुरंत ही बलरामपुर कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर फसलों के नुक़सान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की दिशा में पहल की.
विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि किसानों की हालत बेहद चिंताजनक है, ऐसे में शासन स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी हालात में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.










