भिलाई गोलीकांड… किराए देकर झारखंड से बुलाए 3 शूटर:भाई के खून का बदला लेने रची थी साजिश, पहले भी करवा चुका फायरिंग

भिलाई गोलीकांड में नया मोड़ आया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात कोई सामान्य आपराधिक हरकत नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश में रची गई सोची-समझी साजिश थी। पुलिस ने जिस संदिग्ध करण को हिरासत में लिया है, उसने झारखंड से तीन शूटर बुलवाए थे।
इन्हीं में से दो युवकों ने मौके पर पहुंचकर विकास पर गोली चलाई और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गोली विकास के कान को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित का नाम विकास प्रजापति है, जो कैंप-2 का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि विकास पर पुरानी रंजिश में फायरिंग की गई है। पीड़ित के भाई ने कहा कि खून का बदला खून से लेने के लिए करण साव ने चलवाई है।
पहले भी उठा चुका है हथियार
करण का नाम इससे पहले भी जलेबी चौक फायरिंग मामले में सामने आ चुका है। पुलिस के अनुसार, वह अपने साथी के साथ हत्या की नीयत से वहां भी गोली चला चुका है। लेकिन उस समय में भी गोली का शिकार कोई नहीं हुआ हुआ था।
इस मामले में पुलिस ने पहले भी करण को गिरफ्तार किया था। दो बार अलग-अलग जगहों पर फायरिंग की घटना को देखते हुए इस बात का अंदेशा है कि करण ने ही अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए किराए के शूटर बुलाए थे।
पुरानी दुश्मनी से जुड़ा है विवाद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जनवरी 2024 में कैंप क्षेत्र में शिवम साव की पिकअप, विकास के भाई राहुल की बाइक से टकरा गई थी। इसी विवाद के दौरान शिवम की हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में चंद्रेश, सुमित, अनिकेत, राहुल और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में आरोपियों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर भी चलाया था। राहुल कुछ ही समय पहले जेल से बाहर आया था।
जन्मदिन इवेंट का काम देने के नाम पर बुलाया
शिकायतकर्ता विकास के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल वाले ने अपने बच्चे के जन्मदिन का कार्यक्रम बताकर इवेंट का ऑर्डर देने के लिए ईदगाह के पास बुलाया। विकास अपने दोस्त राजा के साथ वहां पहुंचा।
कुछ देर बाद ही बाइक सवार दो युवक आए और शिवम की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए धमकाने लगे। देखते ही देखते पीछे बैठे युवक ने फायरिंग कर दी। घबराकर विकास और राजा बाइक छोड़कर एक कार के पीछे छिप गए। जब हमलावर उन्हें ढूंढ नहीं पाए, तो मौके से भाग निकले।
पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि पुलिस टीम मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरी साजिश का खुलासा कर दिया जाएगा। दूसरी ओर, पुलिस विकास के पुराने विवाद और संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे सिलसिले को समझा जा सके।
पुलिस अब शूटरों की लोकेशन, उन्हें सपोर्ट देने वाले नेटवर्क और करण के संपर्कों का एनालिसिस कर रही है।











