भिलाई गोलीकांड…परिवार ने हत्या की कसम खाई थी:प्रजापति फैमिली के एक सदस्य की हत्या करेंगे तब दुकान का शटर उठेगा; झारखंड से शूटर बुलवाए
दुर्ग जिले के भिलाई में हुए एक साल पुराने हत्या मामले का बदला लेने के लिए एक परिवार ने प्रजापति परिवार के युवक को मारने की योजना बनाई और उस पर फायरिंग करवाई। घटना 14 नवंबर की शाम जामुल थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने गोली चलवाने वाले परिवार के छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
फायरिंग के लिए आरोपियों ने बाहर से शूटर बुलाए थे, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। यह पूरा मामला 21 जनवरी 2024 को हुए शिवम साव हत्या प्रकरण से जुड़ा बताया जा रहा है।
शिवम की हत्या का बदला लेने के लिए उसके परिजनों ने विकास प्रजापति को निशाना बनाया था, लेकिन गोली निशाने पर नहीं लगी और उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, फायरिंग की साजिश करण साव के बड़े पापा के परिवार ने रची थी, जिन्होंने कसम खाई थी कि प्रजापति परिवार के एक सदस्य को मारकर बदला लिया जाएगा।
बदला पूरा नहीं होने पर टेंट हाउस आज तक बंद
21 जनवरी 2024 को मामूली विवाद में शिवम साव की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राहुल प्रजापति का नाम सामने आया था। हत्या के बाद शिवम के चचेरे भाई करण साव और उसके परिवार ने कसम खाई कि जब तक प्रजापति परिवार के एक सदस्य को नहीं मार देंगे, तब तक संजय टेंट हाउस का शटर नहीं खोला जाएगा।
इसके बाद परिवार लगातार प्रजापति परिवार के किसी एक युवक को निशाना बनाने की योजना तैयार करता रहा। इसी दौरान विकास प्रजापति आसान टारगेट लगा, जिसके चलते उसकी हत्या की साजिश रची गई। इस पूरी प्लानिंग में परिवार के सभी पुरुष शामिल थे।
बदला पूरा नहीं होने के कारण आज तक टेंट हाउस का शटर बंद है।
विकास प्रजापति गोलीकांड में पुलिस जांच में यह सामने आया है कि करण साव इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था, इसकी प्लानिंग में करण के बड़े पापा संजय साव, चाचा संतोष साव, बड़े पापा विनय कुमार साव और छोटा भाई ऋषभ साव भी शामिल थे।
वे करीब दो साल से हत्या की योजना बना रहे थे। इस साजिश में करण का दोस्त सुमीत कुमार शाह भी शामिल पाया गया है।










