भिवाड़ी में बड़ा हादसा: जैक्वार कंपनी में टंकी ढही, 3 बच्चों की मौत; 5 दिन पहले ही हुआ था निर्माण

खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में जैक्वार कंपनी के निर्माणाधीन प्लॉट में पानी की टंकी की दीवार ढह गई। हादसे में अब तक तीन बच्चों की मौत हुई है, जबकि 3 लोग गंभीर घायल हैं। हादसा सोमवार (15 जून) दोपहर 1:30 बजे हुआ था।

भिवाड़ी थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि- इस टंकी का निर्माण पांच दिन पहले ही हुआ था। जिन बच्चों की मौत हुई है वो तीनों भाई-बहन हैं। इनके परिवार यहां मजदूरी करते हैं।

नहाने गए थे बच्चे

शर्मा ने बताया- भिवाड़ी के पुराना समतल रोड के इंडस्ट्रियल एरिया में जैक्वार कंपनी के प्लांट में काम चल रहा था। सोमवार को पानी की टंकी पर कुछ बच्चे नहाने गए थे।

अचानक से टंकी की दीवार भरभराकर बच्चों के ऊपर आ गिरी। डीएसपी प्रदीप नेहरा बताया – मलबे में दबे बच्चों में से मीनू (4) पुत्री हेमंत शर्मा की सोमवार शाम ही मौत हो गई।

मीनू के भाई ज्योतिष (8) और शिवम (12) को गंभीर हालत में दिल्ली एम्स रेफर किया गया था। देर रात इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस को अब तक नहीं मिली शिकायत

हादसे में 3 अन्य मजदूर भी घायल हुए थे। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे में घायल श्रीमणि (40), जीतू (25) और मृतक बच्चों की मां अरुणा (40) का भिवाड़ी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मृतक बच्चों का परिवार बिहार का रहने वाला है। वहीं घायलों में श्रीमणी पश्चिम बंगाल की है। सभी मजदूर 2 साल से भिवाड़ी में ही रह रहे थे।

मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाया

जैक्वार प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के इस प्रोजेक्ट का निर्माण भिवाड़ी के हाईटेक कंपोनेंट बिल्डर कर रहा था। निर्माण साइट पर काम कर रहे मजदूरों ने लापरवाही का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि टंकी का निर्माण मात्र पांच दिन पहले ही पूरा हुआ था और दीवार कच्ची थी। इसके बावजूद उसमें करीब 5 से 6 हजार लीटर पानी भर दिया गया था।

पानी के दबाव को दीवार सहन नहीं कर पाई और ढह गई। स्थानीय प्रशासन और मजदूर यूनियनों की ओर से मामले की जांच की मांग की जा रही है।

 

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com