भ्रष्टाचार पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध वसूली के आरोप में तहसील कर्मचारी सस्पेंड

कोरबा जिले में शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसील कार्यालय कटघोरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

नकल जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप

जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तहसील कार्यालय में नकल जारी करने के बदले आवेदक किशन कुमार से अवैध राशि की मांग की गई। शिकायत के समर्थन में एक वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के बाद हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई

मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा ने सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की। अनुशंसा के आधार पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

निलंबन अवधि में यहां रहेगा मुख्यालय

जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान मंजू कृष्णा धिरही का मुख्यालय तहसील कार्यालय पोंड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com