बड़ी कार्रवाई: डेढ़ करोड़ का गांजा जब्त, ओडिशा से महाराष्ट्र सप्लाई की साजिश नाकाम, 5 तस्कर गिरफ्तार


रायपुर। रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपए कीमत का 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में महाराष्ट्र के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 रेहटीखोल रोड पर नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद महाराष्ट्र नंबर की टोयोटा फॉर्च्यूनर और महिंद्रा स्कॉर्पियो वहां पहुंचीं। तलाशी के दौरान वाहनों में रखी बोरियों में गांजा मिला। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा फुलबानी से लेकर पुणे जा रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.40 करोड़ रुपए का गांजा, लगभग 65 लाख रुपए कीमत की दोनों गाड़ियां और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। इस तरह कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपए का सामान जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले और महेश काटकर शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।











