छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर-मध्य हिस्सों में बरसेगा पानी

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ जगह अति भारी बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले 3 दिन मानसून एक्टिव रहेगा। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के तटीय इलाके और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर बना लो-प्रेशर एरिया अब डिप्रेशन में बदल गया है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर आगे बढ़ेगा।
इसके असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.8°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.6°C दर्ज किया गया।
रायपुर में बादल, बारिश के साथ गरज-चमक
रायपुर में आज (14 अगस्त) आसमान बादलों से घिरा रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रह सकता है।











