कोरबा में पत्नी के चाकू मारने से पति की मौत: शराब के नशे में हुआ था विवाद, ज्यादा रक्तस्राव के बाद रास्ते में तोड़ा दम

कोरबा, 14 अगस्त 2026। एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे अंकित सोनवानी (29) का पत्नी प्रिया सोनवानी से विवाद हुआ। इसी दौरान पत्नी ने उसके पैर में चाकू मार दिया। गंभीर चोट के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से अंकित की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन उसे एसईसीएल के विभागीय अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद मानिकपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
विवाद के दौरान पत्नी ने मारा चाकू
पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित शराब पीकर घर आया था। पुलिस के अनुसार वह नशे की हालत में अक्सर पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में पत्नी ने उसके पैर में चाकू मार दिया।
चाकू लगने के बाद पैर से काफी खून बहने लगा। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर अंकित का छोटा भाई आशीष और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
खून का थक्का बनने में लगता था अधिक समय
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, चिकित्सकीय जांच में पता चला कि अंकित को ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके शरीर में खून का थक्का सामान्य से अधिक समय में बनता था। चाकू लगने के बाद इसी वजह से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसका रक्तचाप काफी नीचे चला गया।
घटना के समय माता-पिता ड्यूटी पर थे
अंकित एसईसीएल कुसमुंडा में कार्यरत कर्मचारी हीरा लाल सोनवानी और एसईसीएल के चिकित्सा विभाग में कार्यरत कुमुदनी सोनवानी का बड़ा बेटा था। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है।
घटना के समय अंकित के माता-पिता ड्यूटी पर थे। पुलिस के मुताबिक अंकित और उसकी पत्नी अलग-अलग कमरों में थे। बाद में कमरे से आवाज नहीं आने पर अंकित की मां और भाभी ने जाकर देखा, तब घटना की जानकारी हुई।
पत्नी गिरफ्तार, जेल भेजा
मानिकपुर पुलिस ने जांच के बाद पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।











