जयपुर में पेटीज खाने के बाद 12वीं के छात्र की मौत, स्कूल कैंटीन में क्या हुआ? क्लास के बच्चों ने बताया पूरा मामला

राजस्थान के जयपुर से एक स्कूली छात्र की मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, लंच के समय छात्र की तबियत अचानक खराब हो गई और वो बेहोश हो गया. गंभीर हालत में उसको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. कहा जा रहा है कि छात्र ने स्कूल कैंटीन में पेटीज खाया. उसके बाद ही उसकी तबियत खराब हो गई. परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मृतक छात्र की पहचान प्रिंस सोनी (17) के रूप में हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.

ये पूरी घटना जयपुर के झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल की है. मृतक प्रिंस 12वीं कक्षा का छात्र था. मृतक के चाचा का आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे लंच टाइम में प्रिंस ने स्कूल कैंटीन से पेटीज खरीदा और खाया था. वो पेटीज खराब और ऑयली थी, जिस कारण वो प्रिंस के गले में अटक गई. फिर वहां उपस्थित टिचर्स ने उसकी पीठ थपथपाकर बेंच पर लिटा दिया. स्कूल से 100 मीटर की दूरी पर ही अस्पताल है. इसके बावजूद स्कूल स्टाफ हमको कॉल करके प्रिंस की तबीयत खराब होने के बारे में बताता रहा.

प्राथमिक इलाज उपलब्ध नहीं करवाया गया

मृतक के चाचा का आरोप है कि स्कूल स्टाफ बार-बार कॉल करके फोर व्हीलर लेकर और जल्दी आने की बात कहता रहा. प्रिंस को स्कूल की ओर से कोई भी प्राथमिक इलाज उपलब्ध नहीं करवाया गया. परिजन स्कूल पहुंचे. फिर प्रिंस को नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर जाया गया. गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर्स ने उसे मणिपाल हॉस्पिटल भेज दिया, जहां डॉक्टर्स ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया

सूचना मिलने पर झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया. पुलिस ने गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं मृतक छात्र के परिजनों ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ गुरुवार दोपहर स्कूल पहुंचकर हंगामा किया. लोगों ने स्कूल प्रशासन और स्टाफ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

मृकक के क्लासमेट ने क्या बताया?

इस मामले में मृतक के क्लासमेट द्वारा भी उसके पेटीज खाने और वो गले में अकट जाने की बात बताई गई है. मृतक छात्र के क्लासमेट ने बताया कि जब पेटीज उसके गले में अटकी तो वो पानी पीने भागा. फिर वह बेहोश हो गया. उसके मुंह से झाग निकल रहा था. उसके होंठ नीले पड़ गए थे, लेकिन स्कूल वालों की ओर से कहा गया कि उसके पैरेंट्स उसको लेकर जाएंगे. सबसे बड़ी भूमिका स्कूल इंचार्ज की है. उसको सिर्फ लिटाकर रखा. जबकि 10 मिनट की दूरी पर हॉस्पिटल है. स्कूल वालों ने हमें उससे मिलने तक नहीं दिया. हमारे पूछने पर सब ठीक बताते रहे. लंच से पहले वह बिल्कुल ठीक था. हमारे साथ बातचीत हंसी-मजाक कर रहा था.

झोटवाड़ा थाने के एएसआई ने बताया कि मृतक बृजमंडल कॉलोनी निवासी प्रिंस सोनी अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ रहता था. वहीं मामले में एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि परिजनों ने स्कूल में किसी लापरवाही से बच्चे की मौत हो जाने की आशंका जताई है. मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. मौके पर फुटेज देखकर कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com