मदर्स डे पर महिला बंदिनियों को बड़ा तोहफा, रायपुर महिला जेल में शुरू हुई वीडियो कॉलिंग सुविधा

रायपुर। मदर्स डे के अवसर पर रायपुर महिला जेल की बंदिनियों को बड़ी सौगात मिली। छत्तीसगढ़ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप आज रविवार 10 मई 2026 को महिला जेल रायपुर में प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के जरिए महिला बंदिनी अब अपने परिजनों और अधिवक्ताओं से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से सीधे संवाद कर सकेंगी।

यह सुविधा जेल विभाग और बीएसएनएल के बीच हुए एमओयू के तहत स्थापित की गई है, जिससे बंदिनियों को अपने परिवार से जुड़े रहने में सहूलियत मिलेगी।
कौशल प्रशिक्षण पाने वाली बंदिनियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण प्राप्त 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने इसे बंदिनियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम बताया।
जेल में रह रहे बच्चों को भी मिला उपहार
मदर्स डे के खास मौके पर महिला बंदिनियों के साथ जेल में रह रहे 14 बच्चों को भी जेल विभाग की ओर से उपहार वितरित किए गए। इस पहल से जेल परिसर में भावुक और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में डीजी जेल हिमांशु गुप्ता, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, बीएसएनएल के विजय छबलानी, महिला जेल प्रभारी गरिमा पांडेय सहित जेल स्टाफ और महिला बंदिनियां मौजूद रहीं।











