BJP का कांग्रेस पर हमला: ‘कांग्रेस ने खुद अपने ही CM को नकली आदिवासी बताया’ – देवलाल ठाकुर का दावा

छत्तीसगढ़ की राजनीति में आदिवासी नेतृत्व को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। दुर्ग में मीडिया से बातचीत में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पर यह कहते हुए तीखा हमला बोला कि पार्टी ने हमेशा आदिवासी समाज का सिर्फ राजनीतिक उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में भाजपा ने “असली आदिवासी” को मुख्यमंत्री बनाकर आदिवासी समाज को वास्तविक सम्मान दिया है।

देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी यह तय ही नहीं कर पाई कि उसका कौन सा मुख्यमंत्री आदिवासी था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2000 में आदिवासी बताकर मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन 2018 में उनकी ही सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दस्तावेज पेश कर कहा कि वह आदिवासी नहीं थे। ठाकुर के अनुसार, “कांग्रेस ने ही अपने CM को पहले असली बताया और फिर नकली। यह उनकी ही गलती थी, बीजेपी का इससे कोई संबंध नहीं।”

धर्मांतरण कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अब जाग गया है और धर्म परिवर्तन नहीं चाहता। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शीतकालीन सत्र में धर्मांतरण के खिलाफ कड़ा कानून लाने जा रही है, जिससे आदिवासी परंपराओं और संस्कृति की सुरक्षा हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि 75 वर्षों तक आदिवासी नायकों को वह सम्मान नहीं दिया गया, जिसके वे हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और अन्य जनजातीय नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाकर इस ऐतिहासिक भूल को सुधारा है।

देवलाल ठाकुर स्वयं 2018 में कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ चुके हैं। तब उन्होंने कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रहे थे। बाद में कांग्रेस से दूरी बनाकर उन्होंने BJP की सदस्यता ले ली। अब वे लगातार कांग्रेस पर हमलावर बने हुए हैं।

close