चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर पर धमाका, आतंकी एंगल की आशंका ने बढ़ाई चिंता

चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर के बाहर हुए धमाके से हड़कंप मच गया है। यह विस्फोट शाम करीब 5 बजे कार्यालय के पार्किंग क्षेत्र में हुआ, जिसकी तीव्रता कम बताई जा रही है, लेकिन इसके प्रभाव से दीवार पर 70 से 80 छर्रों के निशान पाए गए हैं।
घटना के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकते हुए दिखाई दे रहा है। हमले का तरीका सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि इसी तरह के पैटर्न का इस्तेमाल पिछले डेढ़ से दो साल में कई बार किया जा चुका है। उन मामलों में आतंकियों ने गैंगस्टरों की मदद से पंजाब के पुलिस थानों और चौकियों को निशाना बनाया था।
इसी समानता को देखते हुए जांच एजेंसियां इस हमले में आतंकी साजिश की संभावना से इनकार नहीं कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को भी जांच में शामिल किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के पीछे की साजिश और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।











