ड्यूटी से लौट रहे थे दोनों युवक, तेज रफ्तार वाहन ने छीनी जिंदगी

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। ग्राम घोटिया के पास एक कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

ड्यूटी के बाद लौट रहे थे दोनों कर्मचारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34) निवासी खोरसीनाला लवन रोड और गोपी किशन आडिल (25) निवासी ग्राम सोनपुरी के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी थे और पलारी थाना क्षेत्र के संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

घोटिया के पास हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि बुधवार रात दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम घोटिया के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com