‘बृजभूषण के भ्रम मुझसे मिलकर दूर हुए….’, पतंजलि घी विवाद पर बोले बाबा रामदेव

पतंजलि देशी घी में को लेकर लगाए गए आरोपों पर योग गुरु बाबा रामदेव ने प्रेसवार्ता कर जवाब दिया है. उन्होंने साफ कहा कि पतंजलि घी पूरी तरह से शुद्ध है, उसमेें किसी भी तरह का मिलावट नहीं है. इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह के आरोपों का भी खुलकर जवाब दिया.
बाबा रामदेव ने कहा, बृजभूषण ने एक तरह से सुनी सुनाई बातों पर बयान दिया है. हम किसी विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते हैं. हमारी आज बृजभूषण सिंह से भी मुलाकात हुई, उन्होने सारे मामले को खत्म किया. उनकी गलतफहमी दूर हो गई. हम उनका धन्यवाद करते है और इस विवाद को खत्म करते है.
रामदेव ने कहा, पतंजलि का हर प्रोडेक्ट पूरी तरह शुद्ध है, उनका घी भी पूरी तरह से शुद्ध है, उसे किसी भी लैब में टेस्ट कराया जा सकता है. रामदेव ने कहा कि ये हद झूठ है की हम नकली घी देते है. किसी लैब में पतंजली का घी फेल नही हुआ. घी के बारे में भ्रांति फैलाई गई. मैं कहता हूं इसमें कोई हड्डी ,चर्बी, वनस्पति घी आदि इस्तेमाल नही होती.
बृजभूषण सिंह ने क्या लगाए थे आरोप?
दरअसल, पिछले दिनों बहराइच में पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने बाबा रामदेव पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा, बाबा रामदेव ने मिलावटी सामान बनाने के मामले में सभी के सम्राट हैं. हम सभी मिलावटी और नकली सामान बनाने वालों का विरोध करते हैं. पतंजलि के कई ब्रांड देश से लेकर विदेश तक फैले हैं. कई देशों में उनके उत्पादों पर प्रतिबंध भी लगा हुआ है. कई अदालतों में उनके मामले चल रहे हैं. सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए.
रामदेव ने बताई घी बनाने की विधि
मीडिया से बात करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि हम देश से लाखों लीटर गाय का दूध इकट्ठा करते हैं. उसके बाद उससे मलाई निकाल ली जाती है, तो बचा हुआ कम फैैट वाला दूध भी बेचा जाता है. उससे मिल्क पाउडर बनाकर बेचा जाता है, और उससे दही, छाछ और पनीर भी बनाया जाता है. तो, इस तरह 5 बाय-प्रोडक्ट्स बनते हैं. अब, उन नासमझ लोगों को क्या पता कि वह घी कैसे बनता है? उन्होंने कहा कि देश में 15 करोड़ से ज्यादा मवेशी हैं. इन्हीं मवेशियों से घी समेत 5 बाय-प्रोडक्ट्स तैयार किए जाते हैं.
टारगेट करने के लिए फैलाया जा रहा झूठ
बाबा रामदेव ने कहा कि २-३ महीने में लोगों ने झूठे मेरा घुटने हर्निया हार्ट आदि का ऑपरेशन करा दिया. ना मेरा हार्ट ना पेट ना घुटने का आपरेशन हुआ है. एम्स वेदांता कही कोई ऑपरेशन नहीं हुआ. वे बिल्कुल ठीक हैं. एक तरह से उनके बारे में झूठी बातों को फैलाया गया, सिर्फ उन्हें टारगेट करने के लिए. बाबा रामदेव ने कहा कि हमने विदेशी कंपनियों की चूलें हिला कर रखी हैं. MNC कंपनियों पर तो कोई सवाल नहीं उठाता. ना अमूल के घी पर , ना नंदिनी घी पर. ना कोका कोला आदि पर कोई सवाल नहीं उठाता है.
नशेड़ी-भंगेड़ी या गांजा लगाने वाले साधू नहीं
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि एक बात कह देता हूं पतंजलि का ना तो गाय का घी नकली है ना ही कोई दवा नकली है. हम छुटभैया नशेड़ी-भंगेड़ी या गांजा लगाने वाले साधू नहीं हैं. मेरे नाम पर एक इंच जमीन नहीं है. हमने 200 देशों में 200 करोड़ लोगों तक योग आयुर्वेद सनातन परंपरा को पहुंचाया है.
5 लाख लोगों को रोजगार दे रहा पतंजलि
बाबा रामदेव ने कहा कि आज पतंजलि 5 लाख लोगों को रोजगार दे रहा है. आने वाले समय 5 लाख और लोगों को रोजगार देने वाला है. कोई 5 लोगों को रोजगार देकर दिखाए. रामदेव ने कहा कि किसी पर आरोप लगाना बहुत आसान होता है, लेकिन उसे साबित कीजिए.
पतंजलि के किसी भी उत्पाद पर बैन नहीं
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि लोग झूठ फैलाते है कि बाबा की दवाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई. मेरी किसी दवा पर बैन नहीं है. पतंजलि के सभी उत्पाद शुद्ध हैं और बिक रहे हैं. उन्होंने आज भारत दूध उत्पादन में नंबर-1 पर है. कड़ी मेहनत के बाद ऐसा संभव हो पाया है.











