सड़क किनारे रखी चारपाई पर चढ़ी कार, महिला की मौत:बेटा घायल; परिजन बोले- टक्कर के बाद पुलिस ने ड्राइवर को भगाया

सीकरी के नगर रोड पेट्रोल पंप के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे सो रहे गाड़िया लोहारों को कुचल दिया। हादसे में चारपाई पर सो रहह बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और उनका बेटा घायल हो गया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर कार चला रहे व्यक्ति को भगाने का आरोप लगाया।
टक्कर से महिला की मौके पर ही मौत
जानकारी अनुसार- गाड़िया लोहार परिवार के राजेश (30) और उनकी मां महमू (60) रोज की तरह अपनी झोपड़ी के बाहर चारपाई बिछाकर सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे नगर रोड की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार वैगन कार चारपाई पर चढ़ गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए।
घायल युवक की हालत नाजुक
घटना की सूचना पर सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लहूलुहान हालत में घायल युवक को स्थानीय हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद अलवर रेफर किया गया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों का पुलिस पर फूटा गुस्सा
हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के परिजनों और गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि टक्कर के बाद ड्राइवर को पकड़ लिया था। मौके पर पहुंची सीकरी थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने के बजाय कार को जब्त कर चालक को मौके से भगा दिया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि परिजनों के आरोपों और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।










