रायपुर में दो जगह चाकूबाजी, ई-रिक्शा चालक समेत तीन घायल; हत्या के प्रयास का केस दर्ज

राजधानी रायपुर में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई दो चाकूबाजी की घटनाओं में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दोनों घटनाओं के पीछे आपसी विवाद को कारण माना जा रहा है।

पहली घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, तेलीबांधा निवासी संजय निषाद अपने साथी भरत यादव के साथ ई-रिक्शा से एक महिला यात्री को छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान राजीव गांधी नगर स्थित सृष्टि प्लाजा के पास तीन युवकों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। संजय ने हाथ से वार रोकने की कोशिश की, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि भरत यादव की कमर के ऊपर चाकू लगने से वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटनास्थल से पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला, जिसमें लगातार एक व्यक्ति के नाम से कॉल आ रही थी। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

दूसरी घटना सरोरा इलाके की है, जहां मजदूर नगर निवासी युवराज सेन का कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पहले हाथापाई हुई, फिर आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद केटीएम बाइक से पहुंचे एक युवक ने युवराज पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवराज को पहले स्थानीय क्लीनिक और बाद में एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com