CGPSC 2024 रिजल्ट…दुर्ग के देवेश साहू टॉपर:टॉप-10 में 8 लड़के, 2 लड़कियां, 246 पदों के लिए 643 अभ्यर्थी ने इंटरव्यू दिया था

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 के मुख्य परीक्षा के परिणाम 20 नवंबर की देर रात जारी कर दिए हैं। टॉप 10 में लड़कों ने बाजी मारी है। लिस्ट में 2 लड़कियां भी शामिल हैं। पहले स्थान पर दुर्ग के देवेश प्रसाद साहू ने जगह बनाई है।

20 नवंबर की रात रिजल्ट जारी होते ही CGPSC की वेबसाइट कुछ देर के लिए क्रैश हो गई थी। इंटरव्यू के लिए कुल 643 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिया था। मेरिट लिस्ट सिर्फ लिखित और इंटरव्यू अंकों पर आधारित है, अब मेरिट के आधार पर पद तय किए जाएंगे।

643 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए चयनित

नवंबर 2024 में PSC ने कुल 246 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। शुरुआती परीक्षा फरवरी में और मुख्य परीक्षा 26 से 29 जून तक आयोजित हुई थी। 31 अक्टूबर को मुख्य परीक्षा परिणाम जारी हुआ था। पदों से तीन गुना यानी 643 उम्मीदवार इंटरव्यू के लिए चयनित हुए हैं।

अंतिम चयन सूची अलग से होगी जारी

आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सूची केवल मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों के आधार पर तैयार की गई क्रमबद्ध मेरिट लिस्ट है। आयोग के अनुसार, अब अभ्यर्थियों द्वारा भरे गए अग्रमान्यता पत्रक (Order of Preference Form) और मेरिट क्रम को ध्यान में रखते हुए पदों के आवंटन की प्रक्रिया की जाएगी।

आवंटन की पूरी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम चयन सूची अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थी विस्तृत समेकित मेरिट सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in पर देख सकते हैं।

‘फेसलेस इंटरव्यू’ पहली बार लागू

जानकारी के मुताबिक, 10 से 20 नवंबर तक इंटरव्यू चला। पिछले विवादों को देखते हुए इस बार PSC ने फेसलेस इंटरव्यू की प्रक्रिया अपनाई गई। इंटरव्यूअर को उम्मीदवार की पहचान नहीं बताई गई। सभी अभ्यर्थियों को कोड नंबर दिए गए थे। इससे चयन प्रक्रिया और पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई।