रोजगार के नाम पर धोखा, चेन्नई में बंधक बनीं 3 युवतियां; MLA की मदद से होगी वापसी

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर की 3 युवतियां प्लेसमेंट के नाम पर चेन्नई पहुंचने के बाद वहां फंस गई हैं। लड़कियों ने वीडियो जारी कर कहा कि, उन्हें घर लौटने नहीं दिया जा रहा है। वापस जाने के लिए 10-10 हजार रुपए जमा करने की शर्त रखी जा रही है।

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि, आज 12.30 बजे लड़कियों को वहां से निकाल लिया गया है। बहुत जल्द वो छत्तीसगढ़ पहुंच जाएंगी। उन्होंने अपील की है कि, कभी भी बाहर जाएं, तो किसी न किसी नबंर जरूर रखें। जिससे मदद मांगी जा सके।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर बेलजोरा की प्रतिमा, राधा और जगेश्वरी ने जशपुर में 3 महीने का सिलाई की ट्रेनिंग ली थी। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें बताया गया था कि, चेन्नई में प्लेसमेंट मिलेगा और यदि वहां काम पसंद नहीं आए तो वे वापस घर लौट सकती हैं। इसी भरोसे पर तीनों युवतियां चेन्नई जाने के लिए तैयार हुई थीं।

युवतियों ने वीडियो में बताया कि, उन्हें दो युवती और एक युवक चेन्नई ले गए थे। अब जिस जगह उन्हें काम पर रखा गया है, वहां से वापस लौटने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें चेन्नई छोड़ने वाले लोग अब फोन भी नहीं उठा रहे हैं।

वापसी के लिए मांगे जा रहे 10 हजार रुपए

युवतियों का कहना है कि, जब उन्होंने घर लौटने की इच्छा जताई तो पहले कुछ दिनों बाद ले जाने का आश्वासन दिया गया। लेकिन अब उन्हें बताया जा रहा है कि घर जाने के लिए हर युवती को 10-10 हजार रुपए जमा करने होंगे। युवतियों ने यह भी कहा कि उन्होंने ट्रेन की टिकट तक बुक करा ली है, लेकिन उन्हें निकलने नहीं दिया जा रहा।

वीडियो जारी कर मांगी मदद

तीनों युवतियों ने वीडियो के माध्यम से प्रशासन और परिजनों से मदद की अपील की है। उनका कहना है कि वे सुरक्षित अपने घर लौटना चाहती हैं, लेकिन उन्हें वहां से निकलने नहीं दिया जा रहा।

सीतापुर विधायक की पहल पर वापसी
युवतियों का वीडियो परिजनों के माध्यम से सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो को मिला तो उन्होंने सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल से बात की। विधायक ने तीनों युवतियों की सकुशल वापसी के लिए पहल करने कहा। प्रशासिनक अधिकारियों की मदद से तीनों युवतियों को छुड़ा लिया गया है।

सीतापुर विधायक ने तीनों युवतियों से वीडियो काल पर बात भी की। विधायक ने ट्रेन को लेकर पूछा तो युवतियों ने बताया कि शाम पौने चार बजे उनकी ट्रेन है। विधायक ने कहा कि उन्हें पैसे भी भेजे जा रहे हैं। रास्ते में संपर्क में रहें और जरूरत पड़ने पर काल कर लें।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com