CM साय का ग्लोबल मंच से निवेशकों को न्योता, बोले- छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए अनुकूल माहौल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड लीडर्स फोरम में छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रगति और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखा। उन्होंने निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक उद्योगों से आगे बढ़कर AI, स्टार्टअप, ग्रीन एनर्जी और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ निवेश लाना नहीं, बल्कि उसे रोजगार, उद्यमिता और युवाओं के बेहतर भविष्य से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाले उद्यमी भी बनें, इसी सोच के साथ नीतियों को तैयार किया जा रहा है।
6.31 लाख करोड़ पहुंची राज्य की अर्थव्यवस्था
CM साय ने बताया कि वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था करीब 6.31 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। राज्य की आर्थिक विकास दर 11.57 प्रतिशत रही, जबकि प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1 लाख 79 हजार 244 रुपये हो गई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के 1.72 लाख करोड़ रुपये के बजट में सड़क, रेल, ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी और औद्योगिक अधोसंरचना पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-अनुकूल माहौल तैयार कर छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल करना है।











