पागल कुत्ते का दहशत: 3 बहनों समेत 4 मासूमों पर हमला, 2 की हालत गंभीर, गांव में डर का माहौल

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अजयगढ़ तहसील के मड़का गांव से सामने आया है, जहां एक पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर चार मासूम बच्चों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

3 बहनों समेत 4 बच्चों को बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, कुत्ता अचानक गांव में घुसा और खेल रहे बच्चों पर हमला कर दिया। इस हमले की चपेट में आकर तीन सगी बहनों समेत कुल चार मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। पागल कुत्ते ने दो बच्चियों के चेहरे को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।

प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पन्ना जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रहे आवारा और हिंसक कुत्तों के खतरे से प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इन कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com