CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान: 2026-27 से 5 नए मेडिकल कॉलेज शुरू, दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर इलाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से राज्य में 250 नई MBBS सीटें जुड़ेंगी, जिससे चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी हैं तथा राज्य सरकार का उद्देश्य हर युवा को डॉक्टर बनने का अवसर और हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम और कुनकुरी जैसे दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना डबल इंजन सरकार की समावेशी विकास नीति का प्रमाण है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। नए मेडिकल कॉलेज केवल शिक्षा के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि अनुसंधान, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और स्थानीय मानव संसाधन विकास के प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगी।











