मुंगेली सड़क हादसे में CMO गिरफ्तार, बाइक सवारों को टक्कर मारने के आरोप में भेजा गया जेल

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सड़क हादसे के मामले में तखतपुर नगर पालिका के चीफ म्युनिसिपल ऑफिसर (CMO) अमरेश सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उन्होंने लापरवाही और तेज रफ्तार से कार चलाते हुए बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिससे एक महिला की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जांच में सामने आई हादसे की पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार घटना जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला की है। शिकायत के मुताबिक, शादी समारोह से लौट रहे तीन लोग बाइक सड़क किनारे रोककर खड़े थे, तभी बिलासपुर की ओर जा रही एक स्कोडा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में हेमलता साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल से ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट बरामद हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। बाद में संबंधित क्षतिग्रस्त कार तखतपुर नगर पालिका परिसर में मिली। जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी अधिकारी वाहन तेज और लापरवाही से चला रहे थे। इसके बाद अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर कार भी जब्त कर ली गई।
जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे अधिकारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। मामले में साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।










