पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर दो कोयला ट्रेलरों की भिड़ंत, एक चालक घायल; पथराव में कई वाहनों के शीशे टूटे

पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर अमरपुर गांव के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात कोयले से लदे दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद दोनों भारी वाहन सड़क पर फंस गए, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
हादसे में एक ट्रेलर चालक घायल
दोनों ट्रेलर कोयला लेकर जा रहे थे। अमरपुर के पास अचानक दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
सड़क पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। भारी वाहन सड़क पर आड़े-तिरछे फंस गए, जबकि छोटे वाहन किसी तरह किनारे से निकलते रहे। देर रात से सुबह तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और यात्रियों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री खत्म होने के बाद कई ट्रेलर चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे होते रहते हैं।
भनवारटंक में राहगीरों पर पथराव
इसी दौरान पेंड्रा से बिलासपुर जाने वाले मार्ग पर भनवारटंक स्थित मरही माता मंदिर के पास देर रात अज्ञात लोगों ने गुजर रहे वाहनों पर पथराव कर दिया। पथराव से कई वाहनों के शीशे टूट गए। कुछ राहगीरों को मामूली चोटें आने की भी जानकारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कई वाहन चालक व राहगीर घंटों रास्ते में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, सीमावर्ती इलाके में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व शराब के नशे में हंगामा करते हैं और राहगीरों को परेशान करते हैं।
दोनों जिलों की पुलिस कर रही जांच
पथराव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र दोनों जिलों की सीमा से जुड़ा होने के कारण पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।











