कोरबा में AAP ने 7 मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़क व्यवस्था पर उठाए सवाल

कोरबा में आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। 16 सितंबर को दिए गए इस आवेदन में किसानों, सरकारी स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, बिजली बिल, नशे के कारोबार और आवारा मवेशियों से संबंधित सात मांगें रखी गईं।

किसानों की समस्याओं और महंगी यूरिया का मुद्दा

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और कोरबा विधानसभा प्रभारी आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि किसान महंगी यूरिया खाद और एग्रीस्टेक पंजीयन से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर कथित धोखाधड़ी रोकने की मांग की। साथ ही कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

आनंद सिंह ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी, शिक्षा के गिरते स्तर और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। इसके अलावा अस्पतालों में डॉक्टरों, दवाइयों और जरूरी सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग की।

सड़कों, बिजली और आवारा मवेशियों को लेकर मांगें

ज्ञापन में जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत, बढ़े हुए बिजली बिलों से राहत और आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव की मांग शामिल है। पार्टी ने गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की भी मांग की।

आम आदमी पार्टी की सात प्रमुख मांगें

  1. एग्रीस्टेक पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और रकबा समर्पण के नाम पर धोखाधड़ी रोकी जाए।
  2. सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाए।
  3. अस्पतालों में डॉक्टरों, दवाइयों और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
  4. गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर आवारा मवेशियों के रखरखाव की व्यवस्था की जाए।
  5. जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण कराया जाए।
  6. बढ़े हुए बिजली दामों और अधिक बिलों से जनता को राहत दी जाए।
  7. नशे के बढ़ते कारोबार और मिलावटी शराब पर नियंत्रण किया जाए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close