गौरेला में 12वीं की छात्रा पर नकाबपोश युवकों का हमला, सिर पर डंडा मारकर दी जान से मारने की धमकी

गौरेला थाना क्षेत्र के ज्योतिपुर में 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल से पहुंचे दो अज्ञात नकाबपोश युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्यूशन से लौटते समय पीछे से किया हमला
पीड़िता के अनुसार, वह रोज की तरह सुबह मंगली बाजार में ट्यूशन पढ़ने गई थी। ट्यूशन खत्म होने के बाद वह स्कूटी से अपने घर लौट रही थी। ज्योतिपुर बड़े चर्च के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। दोनों ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।
आरोप है कि युवकों ने पीछे से छात्रा पर हमला किया और उसके सिर पर डंडे से वार किया। हमले के बाद दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए वहां से भागने लगे।
मयंक से बात नहीं करने पर दी धमकी
शिकायत में छात्रा ने बताया कि भागते समय आरोपियों ने उससे कहा कि वह मयंक सेंड्रे से बात क्यों नहीं करती। इसके बाद युवकों ने धमकी दी कि अगर उसने मयंक से बात नहीं की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। दोनों आरोपियों के चेहरे ढके होने के कारण छात्रा उनकी पहचान नहीं कर सकी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाके से जानकारी जुटाकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।











