बालोद के बिजली सब-स्टेशन में 160 MVA ट्रांसफार्मर में लगी आग, धुएं का गुबार उठा; दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के बोहराडीह-मुजगहन गांव स्थित 220/132 केवी सब-स्टेशन में गुरुवार को 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही सब-स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मर से आग की लपटों के साथ धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया।

घटना की सूचना गुरूर पुलिस को भी दी गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फीडरों का लोड सामान्य किया गया

आग की घटना के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए 220 केवी से निकलने वाले सभी 132 केवी फीडरों का लोड सामान्य कर दिया गया। बताया गया कि गुरूर स्थित सब-स्टेशन को कुम्हारी से सीधे बिजली सप्लाई मिलती है।

ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद पावर हाउस की सुरक्षा को लेकर भी एहतियाती कदम उठाए गए। अधिकारियों की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

एक दिन पहले CT में आई थी खराबी

सब-स्टेशन में आग लगने से एक दिन पहले बुधवार को नंबर-1 CT यानी करंट ट्रांसफार्मर के खराब होने की जानकारी सामने आई थी। इसके अगले ही दिन 160 MVA पावर ट्रांसफार्मर में आग लग गई। लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं के बाद सब-स्टेशन की सुरक्षा और विद्युत उपकरणों की स्थिति को लेकर भी ध्यान दिया जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close