रायपुर में कांग्रेस का केंद्र पर प्रहार, पवन खेड़ा ने विदेश नीति, महंगाई और RSS को लेकर उठाए सवाल

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विदेश नीति, महंगाई, बेरोजगारी, छात्रों की समस्याओं और धार्मिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश को बताना चाहिए कि वे आखिर किससे नहीं डरते हैं।
“देश को बताइए, आखिर किससे नहीं डरते प्रधानमंत्री”
पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार लगातार मजबूत नेतृत्व का दावा करती है, लेकिन देश जानना चाहता है कि प्रधानमंत्री आखिर किससे नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा कि चीन, पाकिस्तान और नेपाल जैसे मुद्दों पर सरकार का रुख स्पष्ट नहीं दिखाई देता। खेड़ा ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर भी तीखा हमला बोलते हुए उन्हें कायर बताया।
विदेश नीति पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा जिस चीन को “लाल आंख दिखाने” की बात कहकर सत्ता में आई थी, आज उसी चीन का प्रभाव क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चीन खुलकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) के मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार की विदेश नीति प्रभावी नजर नहीं आ रही है।
“जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार”
खेड़ा ने कहा कि सरकार जानबूझकर ऐसे विवाद खड़े कर रही है, जिनसे जनता के असली मुद्दे पीछे छूट जाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर, महंगाई, बेरोजगारी, रेत माफिया और छात्रों की समस्याएं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने “छात्रों की गूंज” अभियान शुरू किया है, जिसके माध्यम से देशभर के छात्रों और युवाओं की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
RSS और धार्मिक मुद्दों पर भी बोला हमला
प्रेसवार्ता के दौरान पवन खेड़ा ने आरएसएस प्रमुख के हालिया बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे बयान सामाजिक तनाव को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बुलडोजर कार्रवाई को न्याय का प्रतीक बताया जा रहा है, तो क्या यह कार्रवाई सभी पर समान रूप से लागू होगी।











