बिलासपुर-पेंड्रा NH की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, गड्ढों में धान रोपकर जताया विरोध; 2 घंटे चला धरना

बिलासपुर-रतनपुर-केंदा-केंवची NH-45 की खराब हालत को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला।
कांग्रेस ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे काम की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
510 करोड़ की लागत से बन रही सड़क
बिलासपुर-रतनपुर से पेंड्रा-केंवची तक करीब 97 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 510 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है। लगातार बारिश के बाद निर्माणाधीन सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे और कीचड़ की स्थिति बन गई है। कुछ जगहों पर नई सड़क उखड़ने और दरारें आने की भी शिकायत है।
35 साल पुराना पुल टूटने के बाद बढ़ी परेशानी
2 अगस्त को इसी नेशनल हाईवे पर करीब 35 साल पुराना पुल टूट गया था। इसके बाद कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया। बारिश के कारण डायवर्सन वाले रास्ते भी कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गए हैं।
कांग्रेस का दावा है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते कई जगह वाहनों की लंबी कतार लग रही है और बिलासपुर से पेंड्रा का सफर सामान्य समय से काफी ज्यादा हो रहा है।
ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, अधूरे निर्माण को जल्द पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण के कारण सड़क जल्दी खराब हो रही है। उन्होंने जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ जांच, जरूरत पड़ने पर टेंडर निरस्त करने और नए सिरे से निर्माण कराने की मांग रखी।











