ऑटो से आया था मानस, क्या कोई तीसरा भी…’, लखनऊ केस में प्रज्ञा मिश्रा ने शेयर किया CCTV, उठाए 5 खौफनाक सवाल

गोमतीनगर थाना क्षेत्र में आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा, उनकी ननद तुलिका बाजपेयी और पति मानस बाजपेयी के खूनी अंत के मामले में शुक्रवार को बड़े अपडेट्स सामने आए हैं. एक तरफ दिव्या की बहन और वरिष्ठ पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज शेयर करते हुए पुलिस की थ्योरी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस अब आरोपी के पास से बरामद 3-3 अवैध हथियारों के स्रोत (सोर्स) की जांच में जुट गई है.

सोशल मीडिया पर CCTV फुटेज शेयर करते हुए प्रज्ञा मिश्रा ने कहा कि बैंक के बाहर जब हत्यारा मानस गोलीबारी कर रहा था, तब बैंक कर्मचारियों की भीड़ बदहवास होकर भाग रही थी. उन्होंने घटना को लेकर कई तीखे सवाल उठाए. प्रज्ञा ने दावा किया कि मानस कार चला ही नहीं पाता था, तो कार से आने-जाने की थ्योरी कहां से आई? वो ऑटो से हत्या करने आया था और ऑटो से ही भागा. ऑटो वाला कौन था और क्या कोई और भी शामिल है?

प्राइवेट बैंक/ऑडिट क्षेत्र में काम करने वाले शख्स के पास 3-3 अवैध रिवॉल्वर और पिस्टल कहां से आए? उसे यह हथियार किसने और क्यों मुहैया कराए? प्रज्ञा ने फिर दोहराया कि उन्हें मानस की क्रूरता पता थी, लेकिन वह इस हद तक साइको निकलेगा, इसका अंदाजा नहीं था. प्रज्ञा ने बताया कि दिव्या की मां को अब तक उसकी मौत का सच नहीं बताया गया है. मां को यह कहकर बगल में सुलाया गया है कि दिव्या की हालत क्रिटिकल है, जबकि उसका शव पोस्टमार्टम हाउस के फ्रीजर में रखा है.

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल: कहाँ से आए 3 हथियार?

इस वारदात की जांच कर रही पुलिस के सामने सबसे बड़ी गुत्थी हथियारों की बरामदगी है. मानस के पास से दो पिस्टल (कंट्री मेड) और एक तमंचा (देसी कट्टा) बरामद हुआ है. जांचकर्ताओं का मानना है कि मानस ने पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया ताकि मर्डर में कोई अड़चन न आए. उसने दिव्या को मारने के लिए दो पिस्टल साथ रखे थे, जबकि एक तमंचा घर पर रखा था. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि मानस ने ये अवैध असलहे कहाँ से खरीदे थे और क्या इसमें कोई असलहा तस्कर या बाहरी मददगार शामिल था.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com