हमारे स्कूल में नो-एंट्री…’, बगरू में CJP नेताओं की पिटाई, गांव से भी खदेड़ा; Video वायरल

जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा कंवरपुरा गांव में शुक्रवार को उस वक्त भारी बवाल हो गया, जब सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की टीम पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उग्र ग्रामीणों ने CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका और उनके कार्यकर्ताओं को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उनकी गाड़ियां तोड़ दीं. इसके बाद ग्रामीणों ने पूरी टीम को खदेड़कर गांव से बाहर निकाल दिया और स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए. इसका वीडियो भी सामने आया है.
शुक्रवार सुबह CJP की टीम रामपुरा कंवरपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल की जमीनी हकीकत परखने पहुंची थी. हालांकि, CJP टीम के आने की भनक ग्रामीणों को पहले ही लग गई थी. ग्रामीणों ने गांव के मुख्य रास्ते पर पहले से ही नाकेबंदी कर रखी थी और आने-जाने वाले हर वाहन की सघन जांच कर रहे थे.
जैसे ही CJP कार्यकर्ता स्कूल के पास पहुंचे, ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया. देखते ही देखते बहस धक्का-मुक्की में बदल गई और ग्रामीणों ने CJP नेताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई.
“12.5 लाख स्वीकृत हैं, बाहरी संगठन का दखल बर्दाश्त नहीं”
ग्रामीणों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूल की स्थिति सुधारने के लिए सरकार द्वारा लगभग 12 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं. ग्रामीणों का साफ कहना है कि वे अपने स्तर पर स्कूल की व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लेंगे और किसी भी बाहरी राजनीतिक दल या संगठन को गांव व स्कूल में आकर निरीक्षण या राजनीति करने की इजाजत नहीं देंगे.
टीनशेड और मवेशियों के बाड़े में पढ़ने को मजबूर बच्चे
दूसरी ओर, राजकीय प्राथमिक स्कूल की बदहाली भी जगजाहिर हुई है. छत की पट्टियां टूटने और जर्जर दीवारों से ईंटें गिरने के कारण हादसे के डर से मुख्य स्कूल भवन को बंद कर दिया गया है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए करीब 50 मीटर दूर एक बाड़े में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. मासूम बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई करने को मजबूर हैं, जहां आसपास पशुओं का चारा रखा हुआ है.
CJP का पलटवार: “आदेशों से डरेंगे नहीं, अभियान जारी रहेगा”
CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी नाकामी और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को छुपाने के लिए जनता व मीडिया की स्कूलों में एंट्री पर पाबंदी लगा रही है. रांका ने कहा कि उनकी पार्टी सरकारी स्कूलों का सच उजागर करने का अभियान जारी रखेगी और किसी भी पाबंदी से पीछे नहीं हटेगी. CJP की ओर से तय कार्यक्रम के मुताबिक, टीम वाटिका रोड स्थित भट्टा वाला राजकीय सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण करने वाली है. फिलहाल, रामपुरा कंवरपुरा गांव में तनाव का माहौल है और भारी विरोध के बीच ग्रामीण स्कूल के बाहर धरने पर डटे हुए हैं.











