नकटी प्रभावितों को न्याय दिलाने सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, दोषी अफसरों पर FIR और मुआवजे की मांग

रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस अब आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रही है। प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। जांच समिति की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई, जिसमें प्रेस कॉन्फ्रेंस, लोकभवन में प्रदर्शन, राज्यपाल से मुलाकात और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री निवास के घेराव तक की रणनीति बनाई गई है।

प्रशासन पर कार्रवाई की मांग, आंदोलन होगा चरणबद्ध

कांग्रेस का कहना है कि सबसे पहले पूरे घटनाक्रम के तथ्यों को जनता के सामने रखा जाएगा। इसके बाद दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की जाएगी। पार्टी राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करेगी और लोकभवन में प्रदर्शन कर सरकार पर दबाव बनाएगी। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जा सकता है।

पुनर्वास, मुआवजा और केस वापसी की मांग

कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, उचित मुआवजा और कार्रवाई के दौरान दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की मांग उठाई है। पार्टी का कहना है कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

भावेश बघेल का सरकार पर तीखा हमला

प्रदेश कांग्रेस जांच दल के सदस्य भावेश बघेल ने कहा कि सम्मानपुर-नकटी की घटना केवल गरीबों के घर उजाड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसानियत और संवेदनशीलता को शर्मसार करने वाली घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई के बाद मलबे में बेजुबान पशुओं और गौ माता के दबे होने की जानकारी सामने आई, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया।

‘गौ सेवा की बात करने वाली सरकार जवाब दे’

भावेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार हर मंच से गौ माता की सेवा और संरक्षण की बातें करती है, उसी के शासन में गौ माता भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के घरों के साथ बेजुबान पशुओं का मलबे में दब जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार को इसकी नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com