न्यायधानी बिलासपुर में मादक तस्करों पर शिकंजा, रेलवे स्टेशन से 55 किलो गांजा बरामद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 55 किलो गांजा के साथ दो महिलाओं और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 27 लाख 57 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के रीवा जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की सतर्कता और जांच अभियान के दौरान चारों संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ ओडिशा तथा कुछ मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किसके लिए भेजी जा रही थी और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
जीआरपी थाना बिलासपुर ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस मामले में आगे भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।











