महासमुंद में रेत में दबी मिली युवती की लाश, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब रामखेड़ा झारा नाला के पास रेत में दबी एक युवती की लाश बरामद हुई। शव का आधा हिस्सा रेत के बाहर और आधा हिस्सा अंदर दबा होने से मामले ने रहस्यमय मोड़ ले लिया है। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका मानकर जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
सोमवार को स्थानीय लोगों ने नाला किनारे रेत में एक शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
पुलिस को घटनास्थल से युवती की एक चप्पल और बालों का गुच्छा बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति और घटनास्थल पर मिले सबूतों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।











