बीजापुर नेत्रकांड पर दीपक बैज का बड़ा आरोप: कहा- नकली दवाइयों और भ्रष्टाचार से मरीजों की रोशनी जा रही, सरकार पूरी तरह फेल

छत्तीसगढ़ में बीजापुर नेत्रकांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शनिवार को वे अंबेडकर अस्पताल पहुंचे और यहां भर्ती पीड़ित मरीजों से मुलाकात की। बैज ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में नकली दवाइयां और ड्रॉप्स इस्तेमाल हो रही हैं, जिसके कारण मरीजों की आंखों की रोशनी जा रही है और कई जिंदगियां खतरे में हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना सीधे-सीधे स्वास्थ्य महकमे में फैले भ्रष्टाचार का नतीजा है, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार है।

बैज ने बताया कि बीजापुर में ऑपरेशन के बाद मरीजों को जो संक्रमण फैला, उसकी जड़ नकली दवाएं हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दुर्ग में नसबंदी के बाद दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। ऐसे मामले लगातार सामने आना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता पर न तो निगरानी है और न ही कोई कठोर कार्रवाई।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नकली दवाइयां प्रदेश के सरकारी अस्पतालों तक कैसे पहुंच रही हैं? उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी लापरवाही है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।

दीपक बैज ने पीड़ितों को बेहतर इलाज की मांग करते हुए कहा कि सभी मरीजों को तुरंत चेन्नई के बड़े नेत्र अस्पताल में रेफर किया जाए, ताकि उनकी आंखों की रोशनी बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का कर्तव्य है कि वह पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे और इस गंभीर स्वास्थ्य संकट को प्राथमिकता के आधार पर हल करे।