Delhi Blast: दिल्ली धमाके मामले में NIA ने बंगाल के उत्तर दिनाजपुर से MBBS छात्र गिरफ्तार, कर रही पूछताछ

कोलकाता। बीते दिनों दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के मामले में एनआईए ने जांच तेज कर दी है। इसके तहत जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर से एक एमबीबीएस छात्र जानिसुर उर्फ निसार आलम को आतंक संगठनों से कथित संबंधों के शक के आधार पर गिरफ्तार किया है। निसार हरियाणा की अल-फला यूनिवर्सिटी का छात्र है और लुधियाना में रहता है। उसका पैतृक घर दलखोला के पास कोनाल गांव में है।

जानकारी के अनुसार, निसार को शुक्रवार सुबह सूरजपुर बाजार से तब पकड़ा गया जब वह परिवार में शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहा था। अधिकारियों ने उसके मोबाइल लोकेशन डेटा के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी।

सूत्रों ने बताया कि उसे हाल ही में दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के सिलसिले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हालांकि एनआईए ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि निसार का धमाके से सीधे तौर पर क्या संबंध है।

जांच एजेंसी ने उसके पास से डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान निसार ने भागने की कोशिश भी की, जिसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। उसे आगे की जांच के लिए सिलीगुड़ी ले जाया जा रहा है।

उधर, निसार की गिरफ्तारी पर उसके परिवार के लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। निसार के रिश्तेदारों का कहना है कि वह शांत स्वभाव का, पढ़ाई में डूबा रहने वाला लड़का है और किसी गलत गतिविधि से उसका कोई संबंध नहीं हो सकता।

अलग-अलग जगहों पर कर रही जांच
गौरतलब है कि बीते 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास एक जोरदार बम धमाका हुआ। इस धमाके में 13 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद एनआईए लगातार अलग-अलग जगहों पर जांच कर रही है। इसी सिलसिले में एजेंसी ने हाल ही में मुर्शिदाबाद के निवासी मोइनुल हसन के घर पर भी छापा मारा था, जिसके दिल्ली और मुंबई में कुछ संदिग्ध संपर्कों की जांच चल रही है। एनआईए ने अभी तक निसार पर लगे आरोपों या सबूतों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com