ग्राम कोटवार को हटाने की मांग: कामकाज पर सवाल उठाते हुए ग्रामीण पहुंचे प्रशासन, ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित

बस्तर जिले के ग्राम पोटियावंड में ग्राम कोटवार को लेकर विवाद चल रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के पास पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और ग्राम कोटवार को तत्काल पद से हटाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान कोटवार राजा राम अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहा है, जिससे गांव में लगातार असंतोष का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत पोटियावंड तहसील बकावंड, जिला बस्तर के ग्राम कोटवार की कार्यप्रणाली लंबे समय से विवादों में है। आवेदन के मुताबिक कोटवार शासन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों का सही ढंग से पालन नहीं कर रहा है।

इसके कारण ग्रामीणों को विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और गांव का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि ग्राम सभा की सामान्य बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से वर्तमान कोटवार को पद से हटाने का प्रस्ताव पारित किया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा के निर्णय के बाद अब प्रशासन को भी इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। आवेदन में जिला प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वर्तमान ग्राम कोटवार को पद से हटाया जाए, ताकि गांव में प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन पर ग्राम सरपंच की मुहर और हस्ताक्षर के साथ-साथ कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं। आवेदन की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com