7 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम कर्मचारियों का प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

रायपुर। नगर पालिका निगम रायपुर के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों का कहना है कि निगम की अधिकांश जनसेवाएं उनके श्रम और योगदान पर निर्भर हैं, ऐसे में उनके अधिकारों और सुरक्षा को लेकर गंभीर पहल की जानी चाहिए।

निगम की व्यवस्था में अहम भूमिका निभा रहे कर्मचारी

प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय एड़े ने बताया कि निगम के विभिन्न विभागों, जोनों, कार्यालयों तथा आवश्यक जनसेवाओं के संचालन में प्लेसमेंट कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के सामाजिक, आर्थिक और कानूनी हितों की रक्षा के लिए 7 सूत्रीय मांग पत्र निगम प्रशासन को सौंपा गया है।

न्यूनतम वेतन और जॉब सुरक्षा प्रमुख मांग

संघ ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए प्लेसमेंट कर्मचारियों का न्यूनतम मासिक मानदेय 20 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग की है। इसके साथ ही ठेका या एजेंसी बदलने की स्थिति में पुराने कर्मचारियों को सेवा से न हटाने तथा टेंडर शर्तों में सेवा सुरक्षा का स्पष्ट प्रावधान जोड़ने की मांग भी उठाई गई है।

श्रम कानूनों के पालन और डीबीटी भुगतान पर जोर

कर्मचारियों ने शासन द्वारा लागू किए गए नए श्रम कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा वेतन भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भुगतान करने की मांग रखी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि इससे बिचौलियों और ठेकेदारों के माध्यम से होने वाले शोषण पर रोक लगेगी।

समय पर वेतन और सेटअप संशोधन की मांग

संघ ने प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही निगम में वर्तमान कार्यभार और वास्तविक कर्मचारियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए सेटअप में संशोधन करने की आवश्यकता बताई है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इन मांगों पर अब ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com