डिप्टी CM ने 29.90 करोड़ के विकासकार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया:अरुण साव बोले- मुंगेली के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी

डिप्टी सीएम अरुण साव ने बुधवार को मुंगेली में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने आगर खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 29 करोड़ 90 लाख रुपए से अधिक की लागत से तैयार और प्रस्तावित 114 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इनमें नगर पालिका, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और लोक निर्माण विभाग के 1755.12 लाख रुपए के 91 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। डिप्टी सीएम ने अधोसंरचना मद के तहत परशुराम चौक का सौंदर्यीकरण और मूर्ति स्थापना, वार्ड 11-20 में सामुदायिक भवन निर्माण और वार्ड 13 में प्रसाधन सहित बस प्रतिक्षालय का लोकार्पण किया।
इसके अलावा अधोसंरचना और 15वें वित्त मद से 76 सीसी सड़क, आरसीसी नाली, बाउंड्रीवाल निर्माण, विद्युतीकरण और अन्य विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया। जबकि 1241.79 लाख रुपए के 23 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इनमें बालानी चौक में माता परमेश्वरी चौक सौंदर्यीकरण, अधिकारी-कर्मचारी आवास निर्माण, मां परमेश्वरी चौक और देवांगन मुक्तिधाम में हाईमास्ट लाइट स्थापना, भक्त माता कर्मा चौक निर्माण और मूर्ति स्थापना, साहूपारा में सामुदायिक भवन निर्माण, निरंजन प्रसाद केशरवानी बालवाटिका जीर्णोद्धार, आगर खेल परिसर का जीर्णोद्धार, पड़ाव चौक में महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा स्थापना और विप्र समाज के सामुदायिक भवन के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मुंगेली के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने सड़क, नाली, पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ सुनिश्चित करने की बात कही।
डिप्टी सीएम ने बताया कि पिछले 20 महीनों में नगर पालिका को विभिन्न योजनाओं के तहत 92 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जा चुकी है और भविष्य में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने आमजनों से भी शहर के विकास में सहयोग की अपील की।











