धमतरी पुलिस को मिला नया नेतृत्व, एसपी भावना पांडेय बोलीं— जनता का भरोसा सबसे बड़ी जिम्मेदारी

धमतरी। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों, विशेष अभियानों और विभागीय कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
पदभार ग्रहण के दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई एसपी का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा जनोन्मुखी और संवेदनशील पुलिसिंग को नई दिशा देने का भरोसा जताया।
पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस की पहली प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना होगी। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।











