चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान, डॉ. रमन सिंह बोले- पद नहीं, संगठन को दें प्राथमिकता

छत्तीसगढ़ के कवर्धा में भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन को सर्वोपरि रखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई वर्ष पूरे हो चुके हैं और अब अगले चुनाव में केवल ढाई वर्ष का समय बचा है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ संगठन और सरकार के लिए कार्य करना चाहिए।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इससे पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, जिसने राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी स्थिति दोबारा न आने देने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन और सरकार के सभी प्रमुख पद भर चुके हैं और फिलहाल कोई पद रिक्त नहीं है। इसलिए किसी प्रकार का मनमुटाव या पद की अपेक्षा रखने के बजाय संगठन को मजबूत बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी समय और आवश्यकता के अनुसार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपती है तथा सभी को अवसर मिलता है।
अपने चार दशक लंबे राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी नेतृत्व के निर्णयों पर विश्वास बनाए रखने और अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करने की अपील की।











